Breaking News

अवैध रिश्ते का खौफनाक अंजाम: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या, शव के तीन टुकड़े कर जंगल में फेंका, 11 महीने बाद खुला राज

अवैध रिश्ते का खौफनाक अंजाम: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या, शव के तीन टुकड़े कर जंगल में फेंका, 11 महीने बाद खुला राज

नवी मुंबई के ऐरोली में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, कॉल डिटेल और पूछताछ में टूटी आरोपियों की कहानी, पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार।

नवी मुंबई। नवी मुंबई के राबले एमआईडीसी थाना क्षेत्र में लगभग 11 महीने पहले हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की, फिर शव के तीन टुकड़े कर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीता कुशवाहा (40) और राहुल दशरथ प्रजापति (30) के रूप में हुई है। मृतक बलिराम सूर्यनाथ कुशवाहा (50) ऐरोली के यादव नगर में परिवार के साथ रहता था। पुलिस जांच में सामने आया कि बलिराम को अपनी पत्नी और राहुल के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसका वह लगातार विरोध कर रहा था। इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2025 की रात वारदात को अंजाम देने से पहले दंपति के दोनों बच्चों को उनकी मौसी के घर भेज दिया गया। देर रात जब बलिराम गहरी नींद में था, तब उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद तेज धारदार हथियार से शव का सिर अलग किया गया और पहचान मिटाने के लिए शव के तीन हिस्से कर दिए गए। आरोपियों ने शव के हिस्सों को अलग-अलग बोरियों और चादरों में लपेटा तथा राहुल के ऑटो रिक्शा में रखकर गावली देव पहाड़ी के जंगल में तीन अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।

हत्या के बाद दोनों ने पूरे मामले को छिपाने की कोशिश की। सुनीता अपने बच्चों को लेकर घंसोली चली गई और राहुल के साथ रहने लगी। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को यह बताया गया कि बलिराम किसी कारणवश घर छोड़कर चला गया है। कई महीनों तक किसी को हत्या की भनक तक नहीं लगी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब बलिराम के भाई को लंबे समय तक उसका कोई पता नहीं चला। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और अप्रैल 2026 में राबले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल नंबरों में बदलाव, दोनों आरोपियों की गतिविधियों और पूछताछ के दौरान दिए गए विरोधाभासी बयानों ने पुलिस का शक गहरा दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें वे कथित तौर पर टूट गए और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस अब गावली देव जंगल में मृतक के कंकाल और अन्य अवशेषों की तलाश कर रही है। फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है ताकि सभी साक्ष्य एकत्र किए जा सकें।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने नवी मुंबई में रिश्तों के विश्वास और अपराध की भयावह तस्वीर को एक बार फिर सामने ला दिया है।



Most Popular News of this Week

शिलफाटा की पैरामाउंट सोसायटी...

डायघर थाने में सामूहिक शिकायत धोखाधड़ी, झूठे वादे, मानसिक उत्पीड़न और...

कामोठे में रयत शिक्षण संस्था...

पनवेल। बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था और उद्योगों की आवश्यकताओं को ध्यान में...

अवैध रिश्ते का खौफनाक अंजाम:...

नवी मुंबई के ऐरोली में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, कॉल डिटेल और पूछताछ में...

नवी मुंबई में गुटखा तस्करी पर...

नवी मुंबई: नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने प्रतिबंधित गुटखा...

नवी मुंबई से दुनिया की सीधी...

अबू धाबी से एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान...

10 साल से बंद पत्रकार भवन पर...

नवी मुंबई। नेरुल-सीवुड स्थित पत्रकार भवन का निर्माण करीब 10 वर्ष पहले पूरा हो...