लक्षद्वीप के पश्चिम में 526 किलो नशीले पदार्थ जब्त, 5 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
नई दिल्ली/मुंबई: इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात ATS ने अरब सागर में नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करने का दावा किया है। कार्रवाई लक्षद्वीप के पश्चिम में समुद्री क्षेत्र में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 526 किलोग्राम हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त किया है। जब्त नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹3,000 करोड़ से अधिक बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुख्ता इनपुट मिलने के बाद कोस्ट गार्ड ने समुद्र और हवा से निगरानी शुरू की। 25 सितंबर 2026 को एक संदिग्ध ईरानी धौ नाव को लगातार ट्रैक करने के बाद रोककर तलाशी ली गई।
कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार 5 पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। नाव, चालक दल और जब्त नशीले पदार्थों को कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है।
अब इस मामले में विभिन्न जांच एजेंसियां संयुक्त पूछताछ करेंगी। जांच का फोकस कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, इसके वित्तीय लेन-देन और समुद्री रास्ते से भारत तक नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले नेटवर्क पर रहेगा।
526 किलो ड्रग्स और ₹3,000 करोड़ से अधिक की कथित कीमत वाली इस कार्रवाई को समुद्री रास्ते से होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
