वाशी। नवी मुंबई के वाशी टोल नाके पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वडाला डिपो की बेस्ट बस (क्रमांक 8230) चला रहे चालक किरण जाधव को अचानक दौरा (फिट) पड़ गया। बस तेज रफ्तार में होने के कारण कुछ पल के लिए यात्रियों की सांसें थम गईं, लेकिन बस के परिचालक किशोर गुरव ने अद्भुत सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को सुरक्षित तरीके से रोक दिया। उनकी सतर्कता के चलते एक बड़ा सड़क हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने से बस अनियंत्रित होने लगी थी। स्थिति को भांपते ही परिचालक किशोर गुरव तुरंत चालक की सीट तक पहुंचे और किसी तरह बस को नियंत्रित कर सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना में चार यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ सावंत ने मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए चालक और परिचालक को अपने निजी वाहन से वाशी महानगरपालिका अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से चालक की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना के बाद यात्रियों ने परिचालक किशोर गुरव और सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ सावंत की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि परिचालक ने समय रहते बस को नहीं संभाला होता, तो यह घटना बड़े सड़क हादसे में बदल सकती थी।
