नवी मुंबई। तुर्भे स्टोअर क्षेत्र में सड़क पर लावारिस हालत में पड़े बैरिकेड अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। सड़क के बीचोंबीच पड़े बैरिकेड के कारण लगातार वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से बैरिकेड को तुरंत सुरक्षित स्थान पर हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर बैरिकेड सड़क पर पड़ा है, उसके ठीक बगल में सड़क खोदकर बड़े-बड़े गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किसी भी समय दोपहिया या चारपहिया वाहन गड्ढे में गिर सकते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटना या जनहानि होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पड़े बैरिकेड और खुले गड्ढों के कारण रोजाना वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। कई बार अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने के कारण दुर्घटना जैसी स्थिति भी बन जाती है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बैरिकेड को तत्काल हटाया जाए, गड्ढों को सुरक्षित ढंग से घेरा जाए और आवश्यक चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
