पनवेल।
आगामी मानसून को लेकर पनवेल महानगरपालिका पूरी तरह सतर्क हो गई है। शहर में संभावित जलभराव, बाढ़ और आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महानगरपालिका मुख्यालय में आयुक्त मंगेश चितळे की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मानसून से पहले सभी जरूरी कार्य समय पर पूरे किए जाएं। खासतौर पर नालों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान और वहां त्वरित उपाय करने पर जोर दिया गया। प्रशासन का लक्ष्य है कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गाढी नदी क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए वहां संभावित बाढ़ की स्थिति में नागरिकों के लिए अस्थायी ट्रांजिट कैंप तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड को पूरी तरह तैयार रखने और खतरनाक इमारतों को चिन्हित कर उन्हें खाली कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।
बारिश के दौरान पांडवकड़ा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त रखने की भी योजना बनाई गई है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही शहर के अंडरपास में पानी भरने की समस्या से निपटने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मानसून में फैलने वाले रोगों से बचाव के लिए फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सड़क विभाग को गड्ढामुक्त सड़कें सुनिश्चित करने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने का आदेश दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जाएगी। पनवेल महानगरपालिका ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे मानसून के दौरान सतर्क रहें और प्रशासन का सहयोग करें।
