नवी मुंबई। स्थायी समिति द्वारा तैयार वित्तीय वर्ष 2025-26 के संशोधित तथा वर्ष 2026-27 के मूल बजट को स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री अशोक पाटील ने महापौर सुजाता पाटील को विशेष सभा में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपमहापौर दशरथ भगत, महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, सभागृह नेता सागर नाईक तथा स्थायी समिति के सदस्य मंच पर उपस्थित थे। बजट प्रस्तुत करने के बाद अध्यक्ष ने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर अपने विचार रखे।
महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम के अनुसार, वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान में प्रारंभिक शेष राशि 1839.58 करोड़ रुपये तथा आय 3991.24 करोड़ रुपये मिलाकर कुल 5830.82 करोड़ रुपये की उपलब्धता और 4564.98 करोड़ रुपये का व्यय दर्शाया गया है।
इसी प्रकार, वर्ष 2026-27 के लिए 1265.83 करोड़ रुपये की प्रारंभिक शेष राशि सहित कुल 6704.43 करोड़ रुपये की आय, 6689.43 करोड़ रुपये का व्यय तथा 15.00 करोड़ रुपये की शेष राशि का बजट महासभा के समक्ष अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया गया।
स्थायी समिति द्वारा प्रस्तुत इस बजट पर चर्चा के लिए 6 अप्रैल 2026 को सुबह 11:00 बजे महासभा आयोजित की जाएगी, ऐसा महापौर श्रीमती सुजाता पाटील ने घोषित किया। इस अवसर पर परिवहन उपक्रम तथा वृक्ष प्राधिकरण के बजट भी प्रस्तुत किए गए।
शहर को प्रगतिशील, सुरक्षित और उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रत्येक प्रभाग के नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाने तथा नवी मुंबई को देश के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने हेतु महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजनाएं लागू करने का संकल्प स्थायी समिति के अध्यक्ष अशोक पाटील ने व्यक्त किया।
