नवी मुंबई: Navi Mumbai Police की अपराध शाखा ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तुर्भे एमआईडीसी क्षेत्र में चल रहे देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक लॉज पर छापा मारकर 2 पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना 25 मार्च 2026 की है, जब एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को गुप्त सूचना मिली कि प्लॉट नंबर A/334 स्थित “अश्वी लॉजिंग एंड बोर्डिंग” में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के अनुसार, लॉज का मालिक ग्राहकों से करीब ₹4500 लेकर महिलाओं के फोटो दिखाकर उनका चयन करवाता था।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक डमी ग्राहक भेजा। जैसे ही तय संकेत मिला, पुलिस टीम ने तत्काल छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान 2 महिलाओं को बरामद किया गया, जिन्हें देह व्यापार के लिए रखा गया था। दोनों को सुरक्षित मुक्त कराकर आवश्यक सहायता दी गई।
जांच में सामने आया कि लॉज का मालिक और दो वेटर मिलकर इस अवैध धंधे को चला रहे थे। ये आरोपी ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराते थे और लंबे समय से इस गतिविधि में शामिल थे।
तुर्भे पुलिस स्टेशन में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(3), 3(5) तथा Immoral Traffic (Prevention) Act की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त, एएचटीयू, अपराध शाखा के मार्गदर्शन में की गई। Navi Mumbai Police ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और पीड़ितों के पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाएगी
