मुंबई : शिवड़ी इलाके में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 की तड़के करीब 2:30 से 2:50 बजे के बीच रामगढ़, शिवड़ी स्थित मिनर्वा कंपाउंड में मोहन कोली की टपरी के सामने कुछ युवक बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उधार के पैसों को लेकर जसिम सैयद और समीर नासिर शेख के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में जसिम सैयद ने अपनी स्कूटी में रखा स्क्रू ड्राइवर निकालकर समीर की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल समीर को तुरंत केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में शिवड़ी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 238/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किसन जयदीप पांडे उर्फ दुबे (22) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि रिजवान समीर शेख और जसिम सैयद फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
यह कार्रवाई पोर्ट ज़ोन के डीसीपी विजयकांत सागर, एसीपी कोळेकर और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रोहित खोठ के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच में पुलिस निरीक्षक मनोहरे, एपीआई कुले, हवलदार कदम, साटम, मालवदे तथा पुलिस कांस्टेबल राठोड़ और बडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
