नाले से मिला नर कंकाल, दो साल बाद खुला हत्या का राज; प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, दो गिरफ्तार
गोपालगंज।बिहार के गोपालगंज जिले ( gopalganj ) में दो साल पुरानी गुमशुदगी का मामला अब हत्याकांड में तब्दील हो गया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने 19 वर्षीय लापता युवक चंदन कुमार (chandan kumar murder) हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी 2024 को सासामुसा गांव (sasamusa ) निवासी चंदन कुमार अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
हाल ही में पुराने मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस ने केस दोबारा खोला और जांच तेज की। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की साजिश रचने और शव को नाले में फेंकने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर नाले से नर कंकाल, खोपड़ी और अन्य अवशेष बरामद किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने तत्कालीन थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मामले में पहले लापरवाही और लीपापोती की गई, जिसकी वजह से न्याय मिलने में दो साल लग गए।
फिलहाल, इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
