सिलेंडर बुकिंग के नियम बदले, अब 25 दिन बाद ही कर पाएंगे अगली बुकिंग
नई दिल्ली|केंद्र सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार अब उपभोक्ता 25 दिन बाद ही अगला LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे। पहले यह अवधि 21 दिन थी। सरकार का कहना है कि यह फैसला जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से लिया गया है।
सरकार ने तेल कंपनियों और रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही कंपनियों को कॉमर्शियल कनेक्शन की तुलना में घरेलू एलपीजी ग्राहकों को प्राथमिकता देने को कहा गया है, ताकि आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति में किसी तरह की कमी न हो।
नए देशों से एलपीजी आपूर्ति की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, सरकार घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एलपीजी के लिए नए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की तलाश कर रही है। इस सिलसिले में Algeria, Australia, Canada और Norway जैसे देशों ने भारत से संपर्क किया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी नजर
सरकारी सूत्रों के अनुसार, फिलहाल देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की संभावना कम है। बताया गया है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर नहीं जाती, तब तक देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना नहीं है। इसके पीछे तर्क दिया गया है कि भारत के पास अभी पर्याप्त तेल भंडार मौजूद है।
