नई दिल्ली। देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों, व्यापारियों और वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।
हड़ताल टलने से महीने के अंतिम दिनों में बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका कम हो गई है। ग्राहकों को नकद जमा और निकासी, चेक संबंधी काम, डिमांड ड्राफ्ट सहित नियमित शाखा सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग पर चर्चा
बैठक में बैंक कर्मचारियों की पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग प्रमुख मुद्दों में रही। सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने के विषय पर IBA और UFBU के प्रतिनिधियों वाली उच्चस्तरीय संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति इस संबंध में आगे की प्रक्रिया और व्यवहारिक समाधान पर विचार करेगी।
इसके अलावा स्केल-IV और वरिष्ठ अधिकारियों की Performance Linked Incentive (PLI) योजना में संशोधन तथा 8 मार्च 2024 के समझौते से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पेंशन अद्ययावतीकरण और सेवा शर्तों से जुड़े मामलों को जल्द सुलझाने पर भी जोर दिया गया।
हड़ताल रद्द नहीं, आगे बढ़ाई गई
UFBU की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आंदोलन को पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है, बल्कि बातचीत और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए इसे स्थगित किया गया है। आने वाले समय में दोनों पक्षों के बीच होने वाली बातचीत के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
हड़ताल स्थगित होने से महीने के अंत में होने वाले व्यापारिक और बैंकिंग लेन-देन को बड़ी राहत मिली है। खासकर 30 सितंबर के वित्तीय समापन के समय बैंकिंग सेवाएं प्रभावित न होने से व्यापारियों और अन्य ग्राहकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
