नवी मुंबई मनपा अस्पताल में मरीज के जान से खिलवाड़
मरीज को चढ़ाया एक्सपायर्ड सलाइन? हालत बिगड़ने पर परिजनों का हंगामा
अस्पताल प्रशासन ने जांच कमिटी बिठाई
रेनू पांडेय
नवी मुंबई। वाशी स्थित नवी मुंबई महानगरपालिका अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती एक मरीज को एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ा दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ बजरंग दल ने मोर्चा खोलते हुए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के केबिन में ठिय्या आंदोलन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय गोपीराम खडसे इलाज के लिए वाशी मनपा अस्पताल में भर्ती थे। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान उन्हें जो सलाइन लगाया गया था, उसकी एक्सपायरी डेट जुलाई 2026 थी। सलाइन की एक्सपायरी सामने आने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
गोपीराम खड़से के बेटे का दावा है कि एक्सपायर्ड सलाइन चढ़ाए जाने के बाद गोपीराम खडसे की तबीयत और अधिक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पास के फोर्टिस अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
“मरीज की जान से खिलवाड़ किसकी जिम्मेदारी?”
घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता ने संबंधित डॉक्टर, नर्स और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका सवाल है कि आखिर अस्पताल में एक्सपायर्ड मेडिकल सामग्री मरीज तक पहुंची कैसे? इसकी जांच कौन करेगा और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?बजरंग दल ने परिजनों के साथ ठिय्या आंदोलन के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इन आरोपों पर नवी मुंबई महानगरपालिका अस्पताल के वैद्यकीय अधीक्षक डॉ रविंद्र म्हात्रे ने बताया कि मामले में जांच कमिटी बिठाई गई है ।रिपोर्ट के आधार पर दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
