नवी मुंबई : नेरुल सेक्टर-38 में सिडको द्वारा करीब दस वर्ष पहले बनाए गए ‘पत्रकार भवन’ को तत्काल शुरू करने और इसका नाम ‘भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पत्रकार भवन’ रखने की मांग तेज हो गई है। नवी मुंबई के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंदाताई म्हात्रे से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
पत्रकारों का कहना है कि यह भवन नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में कार्यरत प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों, संपादकों, फोटो जर्नलिस्ट और वीडियो जर्नलिस्ट के लिए बनाया गया था। भवन का उद्देश्य पत्रकारों को कार्यालयीन कार्य, बैठक, प्रेस कॉन्फ्रेंस, सभागृह और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना था। हालांकि, निर्माण के कई वर्ष बीत जाने के बाद भी पत्रकार भवन शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते पत्रकारों को इस प्रस्तावित सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि महाराष्ट्र शासन के सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के माध्यम से पत्रकार भवन को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि नवी मुंबई के पत्रकारों को एक व्यवस्थित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही पत्रकारों ने भवन का नाम भारतीय संविधान के शिल्पकार और ‘मूकनायक’ के संस्थापक-संपादक भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नाम पर रखने की मांग भी रखी।
पत्रकारों ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने पत्रकारिता के माध्यम से वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की आवाज को मजबूती दी थी। ऐसे में उनके नाम पर पत्रकार भवन का नामकरण करना पत्रकारिता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण कदम होगा।
इस अवसर पर पत्रकार सुदीप घोलप, संजय गुरव, राजेंद्र बोडके, गोविंद पाल, प्रवीण हांडे, सुनील तावडे, अनीस बाबर, उपसंपादिका फोरम जोशी और वीडियो जर्नलिस्ट अथर्व रणदिवे सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि विधायक मंदाताई म्हात्रे इस मुद्दे को संबंधित विभाग और शासन स्तर पर उठाकर पत्रकार भवन को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल करेंगी ।
