नवी मुंबई।
नवी मुंबई के खारघर इलाके में 57 तोले सोने की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लूटा गया सोना, हथियार और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पीड़ित का करीबी दोस्त ही इस पूरी लूट का मास्टरमाइंड निकला।
पुलिस के मुताबिक, 22 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता सुशांत मोरे अपने दोस्तों के साथ बेलापुर के एक होटल में भोजन करने गए थे। वापस लौटते समय खारघर इलाके में तीन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल किया और उनके चालक के पास मौजूद 57 तोले सोने के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद खारघर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता का दोस्त अभिनंदन माली ही इस लूट की साजिश का मुख्य सूत्रधार था। उसने अपने परिवार और गांव के साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने अभिनंदन माली समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के गहने, चाकू, एक कार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुख्य आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग शहरों में छिपकर रह रहे थे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
