नवी मुंबई : नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने शहर के मनपा अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने ऐरोली के राजमाता जिजाऊ अस्पताल, तुर्भे माता-बाल अस्पताल और वाशी सार्वजनिक अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अस्पतालों में डॉक्टरों के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने ईएनटी, ऑर्थो और डेंटल जैसी सेवाओं को मजबूत करने के साथ भविष्य में इन्फर्टिलिटी और गैस्ट्रोलॉजी विभाग शुरू करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। सोनोग्राफी विभाग में लंबा इंतजार होने की शिकायत पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पतालों में उपलब्ध मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, समयबद्ध डाइट प्लान और डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को निर्देश जारी किए गए। आयुक्त ने कहा कि मरीजों को कम समय में केस पेपर और मेडिकल जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत ऐरोली अस्पताल में अगले 15 दिनों में ब्लड बैंक शुरू करने तथा तीनों मनपा अस्पतालों में मिल्क बैंक सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं में एनीमिया और कम वजन वाले बच्चों के जन्म के बढ़ते मामलों पर विशेष अध्ययन कर प्रभावी उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया।
वहीं वाशी सार्वजनिक अस्पताल में जल्द शुरू होने वाली अत्याधुनिक थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन का भी निरीक्षण किया गया। इससे मस्तिष्क, हृदय, नसों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध हो सकेगी।
आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देना मनपा की प्राथमिक जिम्मेदारी है और स्वास्थ्य विभाग को अधिक सक्रिय व परिणामकारी तरीके से कार्य करना होगा।
