पनवेल। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की रनवे पर उड़ान भरते विमानों के वीडियो मोबाइल में कैद करने का बढ़ता ट्रेंड अब खतरनाक साबित हो रहा है। जेएनपीए (टी-पॉइंट) से कळंबोली सर्कल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन रोककर विमान उड़ान के दृश्य रिकॉर्ड करने वालों को पुलिस ने सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से गंभीर सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फिलहाल रोजाना डेढ़ सौ से अधिक विमानों की आवाजाही हो रही है। पिछले चार महीनों में प्रतिदिन करीब 21 हजार से अधिक यात्रियों ने इस एयरपोर्ट से घरेलू यात्रा का अनुभव लिया है। ऐसे में रनवे से उड़ान भरते विमानों को देखने और वीडियो बनाने का क्रेज पनवेल में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जेएनपीए (टी-पॉइंट) से कळंबोली सर्कल तक राष्ट्रीय राजमार्ग 348 से रनवे का स्पष्ट दृश्य दिखाई देता है। खासकर सप्ताहांत की शाम को बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ यहां पहुंचते हैं। कई वाहन चालक सड़क किनारे गाड़ियां रोककर विमान के टेकऑफ का वीडियो बनाते नजर आते हैं। लेकिन इसी इलाके में पहले तीन अलग-अलग हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
पनवेल शहर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन ठाकरे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की हरकतों से बचें। उन्होंने कहा कि पुलिस बार-बार समझाइश दे रही है, बावजूद इसके कई लोग अनदेखी कर रहे हैं। पुलिस मौके पर लोगों को पहले हुए गंभीर हादसों की जानकारी देकर जागरूक भी कर रही है।
इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र लिखकर रनवे दिखाई देने वाले हिस्से को कुछ ऊंचाई तक ढकने की मांग की गई है। हालांकि इसमें समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल शाम के समय पुलिस बंदोबस्त बढ़ाया गया है।
इसके बावजूद छुट्टी के दिनों में जेएनपीए टी-पॉइंट से कळंबोली सर्कल तक वाहनों की भीड़ लग रही है और लोग विमान उड़ान देखने के लिए सड़क पर रुक रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में पुलिस ने फिर नागरिकों से अपील की है कि आकर्षण के चलते अपनी जान जोखिम में न डालें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
