ठाणे:
ठाणे शहर ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण बारहवीं कक्षा के दो विद्यार्थियों का भविष्य संवर गया। समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाने की स्थिति में फंसे इन छात्रों को ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर जैसी विशेष व्यवस्था बनाकर कुछ ही मिनटों में लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया, जिससे दोनों छात्र अपनी भूगोल विषय की परीक्षा दे सके।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 2:30 बजे बारहवीं कक्षा की भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। छात्र सुजीत मिश्रा और उसका एक मित्र अंबरनाथ से कल्याण स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने के लिए निकले थे। लेकिन उस समय लोकल ट्रेन उपलब्ध न होने के कारण दोनों छात्र रास्ते में ही फंस गए और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना उनके लिए मुश्किल हो गया।
इस बीच छात्रों ने मदद के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। जैसे ही यह सूचना ठाणे शहर ट्रैफिक शाखा के उपायुक्त पंकज शिरसाट को मिली, उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देश पर कल्याण विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त किरण बालवडकर ने तत्काल मामले की गंभीरता को समझते हुए कार्रवाई शुरू की।
छात्रों को बदलापुर-उल्हासनगर रोड स्थित साईबाबा मंदिर के पास बुलाया गया, जहां अंबरनाथ बीट मार्शल सलमान तडवी और उल्हासनगर बीट मार्शल विजय गायकवाड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने एक-एक छात्र को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर तेज गति से कल्याण के जोशी बाग, पारनाका स्थित अचीवर्स पब्लिक हाई स्कूल के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। इस पूरी प्रक्रिया में कल्याण बीट मार्शल भीमराज दातीर ने भी वैकल्पिक मार्ग दिखाकर महत्वपूर्ण सहयोग दिया, जिससे ट्रैफिक से बचते हुए छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जा सका।
ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल के कारण दोनों छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके और अपनी परीक्षा दे पाए। छात्रों और उनके परिजनों ने ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ठाणे शहर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और सह पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में ट्रैफिक विभाग ने विशेष सहायता व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत परीक्षा के दिनों में यदि कोई छात्र ट्रैफिक जाम, वाहन खराब होने या अन्य किसी कारण से परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच पा रहा है, तो ट्रैफिक पुलिस उसकी मदद के लिए तत्पर रहेगी।
इस व्यवस्था के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 54 ट्रैफिक रायडर्स तैनात किए गए हैं, जो जरूरत पड़ने पर तुरंत छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक कंट्रोल के व्हाट्सऐप नंबर 7039003866 तथा हेल्पलाइन नंबर 8286300300 और 8286400400 जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर छात्र या उनके अभिभावक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही 18 ट्रैफिक यूनिट में भी अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
